Express and Explore Yourself

करण जौहर के बारे में ये सब पढ़कर कहीं आपको मोदी जी की याद तो नहीं आ रही है?



- कुश वैष्णव

आज हम करण जौहर और मोदीजी पर बात करेंगे। पहले हम बात करते हैं करण जौहर की। एक समय पर करण जौहर आदित्य चोपड़ा के दोस्त के रूप में जाने जाते थे। ddlj फ़िल्म में एक छोटा सा रोल भी किया और वहीं पर शाहरुख ख़ान और काजोल से दोस्ती की और बाद में कुछ कुछ होता है जैसी फ़िल्म बनाकर बॉलीवुड में और ऊँचा पद प्राप्त किया। करण जौहर बहुत फैशनेबल इंसान है। उनके कपड़े डिज़ाइनर से सिल कर आते हैं। एक ही दिन में आप करण को बार बार कपड़े बदल कर आते हुए देख सकते हैं। उनके अलहदा और महँगे कपड़े हमेशा चर्चा का विषय रहते हैं।

करण जौहर को विदेशी लोकेशन बहुत पसंद है। वो हमेशा अपनी फिल्मों की शूटिंग विदेशों में ही करते हैं। इसलिए साल में कई कई दिन विदेशों में ही रहते हैं। विदेशों में उनकी फिल्में लोकप्रिय भी रहीं है। NRI उनकी फिल्मों को बहुत पसंद करते हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो उन्होंने विदेशों में भारत का नाम रोशन किया है। उनकी फिल्मों में महँगे महँगे सेट, बड़ी बड़ी स्टारकास्ट और बड़ी बड़ी बातें होती रहती है। इसी चकाचौंध को अपनी फिल्मों में दिखाकर वो दर्शकों को बेवक़ूफ़ बनाते है।

फ़िल्म में मनोरंजन के लिए करण जौहर धर्म और देशभक्ति का तड़का भी लगाते रहते हैं। जैसे कुछ कुछ होता है में रानी मुखर्जी से ओम जय जगदीश हरे गवाना या कभी खुशी कभी ग़म में काजोल से राष्ट्रगान गवाना। करण जौहर अक्षर acronym या वाक्यों के लघु रूप का प्रयोग अधिकतर करते हैं। जैसे कभी खुशी कभी ग़म को K3G कहना, कुछ कुछ होता है को KKHH या स्टूडेंट ऑफ द ईयर को SOTY कहना।

आजकल करण जौहर पर आरोप भी लग रहा है कि वो अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने विरोधियों का मज़ाक उड़ाते है। उन्हें बार बार नीचा दिखाकर इंडस्ट्री से बाहर करना चाहते हैं। वो इंडस्ट्री में आउटसाइडर्स मुक्त इंडस्ट्री का कोई अभियान भी चलाते है।


उन पर पिछले कुछ दिनों से एक गंभीर आरोप लगा है कि वो इंडस्ट्री में नेपोटिज़्म फैलाते है। भले ही वो अपनी परिवार के लोगों को अपनी फिल्मों में लॉन्च नहीं करते लेकिन अपनी हर फ़िल्म की डील वो सिर्फ़ अपने दोस्तों के साथ ही करते हैं। अपने दोस्तों को फ़ायदा पहुंचाने के लिए फिल्में बनाते हैं। उनके बच्चों को लॉन्च करवाने के लिए फिल्में बनाते हैं जिसकी वजह से इंडस्ट्री के बाहर के सक्षम लोगों को मौका नहीं मिल पाता।

मुझे जो उनकी सबसे अच्छी बात लगती है वो ये कि करियर के लिए उन्होंने कभी शादी नहीं की। और हाँ करण जौहर अपनी माँ से बहुत प्यार करते हैं। आप अक्सर सोशल मीडिया पर उनकी माँ के साथ वाली तस्वीरें देख सकते हैं। आज करण जौहर के बारे में इतना कुछ लिख दिया है। पोस्ट लम्बी हो गयी इसलिए मोदीजी के बारे में अगली बार बात करेंगे।

No comments:

Post a Comment