बेशर्मों की ब्रेकिंग न्यूज
कुमार देव
नमस्कार दर्शकों आपका स्वागत है हमारे न्यूज़ चैनल सिटी न्यूज़ पर जहां हम आपको दिखाते हैं देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन की बड़ी खबरें। मैं हूं आपका एंकर भभूत मिश्र और आप देख रहे हैं हमारी विशेष पेशकश सनसनी शहर। दर्शकों, अभी आप अपने टीवी स्क्रीन पर देख रहे हैं सनसनीखेज ब्रेकिंग न्यूज़। यह न्यूज़ छन कर आ रही है हरामगंज में स्थित मिठाईवाला रेस्तरां के सामने से...
तो दिल थाम कर बैठिये। यह खबर आपकी धड़कनें बढ़ा देगी। आपकी सांसें रोक देगी (एंकर ने डराने वाले अंदाज़ में कहा) । हम आपको दिखाने जा रहे हैं एक लड़की का चीरहरण, जो सरेआम हरामगंज की मुख्य सड़क पर हो रहा है और इसे अंजाम दे रहे हैं बदमाश से दिखने वाले युवक। इस घटना को देखने के लिए सड़क पर काफी भीड़ जमा है। तो आइये हम आपको लेकर चलते हैं इस घटना की पूरी जानकारी देने के लिए अपने संवाददाता के पास जो अभी भी उस भारी भीड़ में बड़ी बहादुरी के साथ इस समय घटनास्थल पर मौजूद है और आप तक पल-पल की खबर और सजीव वीडियो भेज रहे हैं।
भभूत संवाददाता से- जी लाल अभी वहां के क्या हालात हैं? अभी तक वहां पुलिस पहुंची है या नहीं? और आम जनता की क्या प्रतिक्रिया है इस घटना पर? जनता में आक्रोश है या नहीं?
संवाददाता- देखिये सर आम जनता बहुत ही उतेजित और रोमांचित है लेकिन हालात अभी नियंत्रण में हैं। मैंने भीड़ की राय जानने की कोशिश की है। खैर मैं इस बारे में बाद में बताऊंगा पहले पूरी घटना विस्तार से बताता हूं। जैसा कि आप देख रहे हैं, अभी वे बदमाश जो नशे में धुत हैं, उस लड़की के कपडे फाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। रही बात पुलिस की तो यहां से निकटतम पुलिस थाना महज़ एक किलोमीटर पर स्थित है लेकिन पुलिस अभी भी यहां नहीं पहुंची है।
भभूत-लाल आपको क्या लगता है कि उस लड़की के साथ बलात्कार होने की कोई संभावना है ( एंकर मुस्कुराते हुए) या यह भी राखी सावंत की तरह पब्लिसिटी कर रही है? अभी तक यह पता चला या नहीं कि इस घटना के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है? क्या उन गुंडों के पास हथियार वगैरह भी हैं?
संवाददाता- सर, फिलहाल तो बलात्कार की कोई संभावना नहीं है क्योंकि वे दोनों नशे में धुत हैं। जैसे कि अपुष्ट खबर छन कर आ रही है कि पीड़ित लड़की कॉलगर्ल है और इन सबके बीच पैसे के बंटवारे को लेकर झगड़ा हो रहा है। और रही बात हथियार की तो लगता है कि उन दोनों के पास पाकिस्तान का बना हुआ पिस्टल है जो उनके जेब से बाहर झांक रहा है।
भभूत- धन्यवाद लाल, हम अभी आपके पास दोबारा लौटेंगे...दर्शको आप देख रहे हैं हरामगंज में एक लड़की का चीरहरण। आप हमारे साथ बने रहिए , हम अभी हाज़िर होते हैं इक छोटे से ब्रेक के बाद। आप इस चीरहरण की सनसनीखेज विडियो का लाइव प्रसारण देख सकते है सिर्फ सिर्फ हमारे चैनल पर।
ब्रेक के बाद ----
भभूत-ब्रेक के बाद आपका स्वागत है और आप देख रहे हैं हरामगंज की मुख्य सड़क पर एक कॉलगर्ल के साथ हो रहे चीरहरण ( इस बार समाचार प्रस्तोता का स्वर बदल गया) की सनसनीखेज तस्वीरें सिर्फ और सिर्फ हमारे चैनल पर। तो चलिए हम वापस ले कर चलते है आपने संवाददाता के पास जो अभी ही बड़ी ही बहादुरी के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं।
भभूत (लाल से)- जी लाल अभी वहां के हालात कैसे हैं? क्या वहां खड़ी भीड़ में से कोई भी इस बारे में कुछ बोलने के लिए तैयार है?
संवाददाता-देखिये सर कहानी तो साधारण है लेकिन इस बारे में और जानने के लिए हम बात करते हैं यहां के स्थानीय निवासी से। 'सर क्या आप बताना चाहेंगे कि इन सब के पीछे किसका हाथ है?'- (संवाददाता ने वहां खड़े एक प्रत्यक्षदर्शी से पूछा) क्या यार तुम मीडिया वाले भी न पीछे पड़ जाते हो चुपचाप नज़ारा देखो, पूरी जिन्दगी देखने को नहीं मिलेगा। देख तूने जो वीडियो बनाया है न उसकी एक कॉपी मुझे दे दे, MMS बोल कर पैसा कमा लेंगे ( उस आदमी ने फुसफुसाते हुए कहा) । दर्शको, आप देख सकते हैं कि यहां का नज़ारा कैसा है। यहां खड़े सारे लोग उत्साहित और आनंदित नज़र आ रहे हैं, क्या बूढ़े, क्या बच्चे।... कैमरामैन रायेद के साथ मैं लालश्री सिटी न्यूज़ के लिए।
भभूत- धन्यवाद लाल। तो यह थे हमारे संवाददाता जो आपको पल पल की खबर दे रहे थे। दर्शकों इस विषय पर चर्चा करने के लिए अभी थोड़ी देर में स्टूडियो में मौजूद होंगी मशहूर मानवाधिकारी बरका नन्द, समाजशास्त्री रेयान शाह और महिला संगठन की प्रदेश अध्यक्ष नीना दास्वा। इसके साथ ही फोनलाइन पर इस विषय पर चर्चा करने के लिए मौजूद होंगे हरामगंज के उप पुलिस निरीक्षक पांडवा। ... इस विषय पर हम थोड़ी देर में चर्चा करेंगे, फिलहाल समय हो रहा है एक छोटे से ब्रेक का। अगर आप मौजूद मेहमानों से कोई भी सवाल पूछना चाहते हैं तो हमें मैसेज भेज सकते हैं।
ब्रेक के बाद...
भभूत- दर्शकों, ब्रेक के बाद आप सबका स्वागत है हमारे चैनल पर, हरामगंज में हो रही घटना पर बात करने के लिए मौजूद मेहमानों का भी स्वागत है। सर यह घटना जो हरामगंज में घटी है। उस घटनास्थल से पुलिस चौकी कुछ ही दूर है फिर भी आपकी पुलिस टीम अभी तक नहीं पहुंची है, क्या आप इस बारे में कुछ कहना चाहेंगे? ( भभूत ने पांडवा से कहा) । देखिए हमारे पास खबर थी कि शहर में बम फूटने वाले हैं तो हमारी पूरी फोर्स बम ढूंढने में लगी है। वैसे भी वह एक कॉलगर्ल है और ये उसका रोज का काम है। (पांडवा ने कहा)
तो आपके कहने का मतलब है कि लड़की अगर कॉलगर्ल हो तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस के पास नहीं है।
पांडवा सर आपका बयान बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है , हम आपके खिलाफ कोर्ट में जाएंगे (महिला संगठन की अध्यक्ष ने कहा) धीरे धीरे चारों मेहमानों और समाचार प्रस्तोता के मिश्रित स्वर बिना नियंत्रण के बढ़ता रहा और झगडे का स्वरुप लेने लगा। उधर संवाददाता भी बेवजह चिल्लाए जा रहा था। वीडियो अभी भी टीवी स्क्रीन पर आ रहा था जिसमें प्रसारित हो रहा था कि कैसे खड़ी भीड़ उन गुंडों का साथ दे रही थी, लड़की ( मासूम, शायद वेश्या ना हो) के निजी अंगों से छेड़छाड़ करने में।
"मम्मी ईई ईईई केबल वाले को बोलो कि यह बकवास समाचार चैनल को बंद कर दें। हमें नहीं चाहिए। सोहम ने कहा जो काफी देर से उस बकवास को झेल रहा था। फिर उसने केबलवाले को फोन लगाया और कहा , " भैया यह चैनल ब्लॉक कर दो। हमारे घर पर नहीं चलना चाहिए।
केबल वाले ने जबाब दिया - सोहम बेटे तुमने आज का अखबार नहीं पढ़ा क्या.. हमारी न्यायपालिका ने आदेश जारी किया है कि अगर आप कोई भी चैनल नहीं देखना चाहते हैं तो रिमोट है ना आपके हाथ में। वैसे भी इस चैनल की बड़ी मांग है लोगों में क्योंकि यही चैनल है जो सबसे ज्यादा दिखता है गरमा गरम...(नवभारत टाइम्स से साभार)
रोकना ही होगा अखबारों के इस 'काले धंधे' को
जारी है अखबारों में 'मिलावट' के खिलाफ मुहिम
मत पीटिए मीडिया के 'प्रोफेशनल' होने का ढिंढोरा
रेडियो मिर्ची की दिलचस्प कहानी
खबर लहरिया को यूनेस्को सम्मान
मीडिया में नौकरी दिलाने वालों से सावधान
खबरें जाएं भाड़ में, मुनाफा तो मनोरंजन में है
पत्रकार बेचारा, काम के बोझ का मारा
न्यूज चैनल में डाकू का 'एक्सक्लूसिव' सरेंडर
पांच मंडल के पत्रकारों को मान्यता की हरी झंडी
क्यों नहीं कर पाए सच का सामना?
दोबारा शुरू हुआ एग्रीग्रेटर ब्लॉगवाणी
कामयाबी उम्मीदें बढ़ाती है: विजेंद्र
शर्मसार करता एक 'जनवादी' अखबार
भगवा ओढ़ने को बेकरार पीली छतरी वाले